Friday 6 June 2014

2014 वार्षिक राशिफल

                                                   2014  वार्षिक राशिफल

मेष 

मेष राशि के जातक साहसी, बुद्धिमान और व्यवहारिक होते हैं। आर्थिक रूप से संपन्न तथा भोग-विलास प्रिय होते हैं। इसका स्वभाव स्पष्टवादी होता है। सुंदर शारीरिक बनावट और मानसिक रूप से मजबूत लेकिन अपनी उपलब्धियों से असंतुष्ट रहते हैं। अक्सर क्रोध और धैर्य की कमी से इनके बनते काम भी बिगड़ जाते हैं। परिवार - मेष राशि वाले जातकों के लिए पारिवारिक मामलों के लिए यह वर्ष मिश्रित रहेगा। वर्ष के पहले भाग में अधिक भागदौड़ के कारण आप परिजनों को अधिक समय नहीं दे पाएंगे। साथ ही सप्तम भाव में स्थित राहु और शनि क्लेश की ओर संकेत करता है। निजी जीवन में कटुता का अनुभव हो सकता है। संयम से काम लेना होगा। आत्म निर्भरता बहुत जरूरी होगी, क्योंकि मित्र और संबंधियों का अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाएगा। स्वास्थ्य - प्रथम भाव में स्थित केतु जुलाई माह के मध्य स्वास्थ्य को नरम-गरम रख सकता है। अत: खान-पान पर संयम रखना बहुत जरूरी होगा। उदर विकार होने की आशंका होगी। जुलाई से लग्न पर से राहु-केतु का प्रभाव समाप्त होने वाला है, अत: स्वास्थ्य में सुधार होगा। सप्तम में शनि होने से संयमित दिनचर्या जरूरी होगी और स्वास्थ्य को स्वस्थ बनाए रखने के लिए जहां तक संभव हो गैर जरूरी यात्राओं से बचें। प्रेम - मेष राशि के जातकों के लिए प्रेम-प्रसंगों के लिए यह वर्ष सामान्यत: बेहतर रहेगा। पुराने प्रेम संबंधों में और प्रगाढ़ता आएगी लेकिन घरेलू समस्याओं को प्रेम के बीच में लाने से बचें। अंतरजातीय प्रेम-प्रसंगों में थोड़ी-सी सावधानी रखने की जरूरत है। विवाहित जातकों को जीवनसाथी को लेकर कुछ परेशानियां संभव हैं। जीवन साथी का स्वास्थ्य खराब रह सकता है। कार्यक्षेत्र- रोजगार : कार्यक्षेत्र तथा रोजगार के लिए यह वर्ष अनुकूल रहेगा। विजय मिलेगी और सम्मान और प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। व्यापार/व्यवसाय में लाभ प्राप्त कर सकेंगे। कर्म स्थान के स्वामी की बेहतर स्थिति के कारण बडे़ कामों के प्रस्ताव मिलेंगे। लेकिन वर्ष की शुरुआत में दशमेश शनि के साथ राहु की युति के कारण कुछ झूठे प्रलोभन वाले प्रस्ताव भी सामने आ सकते हैं। अत: बड़े निर्णय लेने या विकास की योजनाओं पर अमल करने से पहले पूरी जांच परख आवश्यक होगी। इस वर्ष कार्यक्षेत्र में उन्नति होगी। किसी सोची हुई यात्रा पूरी करने से बड़ा लाभ होगा। धन- संपत्ति : सामान्य तौर पर इस वर्ष आर्थिक स्थिति अच्छी रहने वाली है। बचत करने में सफल रहेंगे। अप्रत्याशित रूप से धन प्राप्ति हो सकती है। लेकिन जुएं, लॉटरी जैसे अनैतिक कार्यों से दूर रहे। बचत को सुरक्षित रखें। घरेलू सामानों की खरीददारी में भी धन खर्च कर सकते हैं। विद्या : इस वर्ष का प्रथम भाग शिक्षा के लिए अधिक अनुकूल नहीं कहा जाएगा, क्योंकि मेहनत के अनुसार फल नहीं मिल पाएगा। ध्यान एक जगह केन्द्रित करने की आवश्यकता है। अगर किसी नई विद्या के लिए प्रयास कर रहे हैं तो किसी नए पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने से पहले उस संस्थान और पाठ्यक्रम के बारें में सम्पूर्ण जानकारी एकत्र कर लेना जरूरी होगा। वर्ष का दूसरा भाग अनुकूल रहेगा। विदेशों में शिक्षा लेने के इच्छुक जातकों के लिए समय अनुकूल है।

वृष राशिफल

 वृषभ राशि का स्वामी शुक्र है, अत: आपके व्यक्तित्व में स्वाभाविक रूप से आकर्षण रहेगा। आपकी कदकाठी और शारीरिक बनावट लोगों को सहज आकर्षित कर सकती है। आप स्वभाव से हंसमुख हो सकते हैं। आपकी वाणी प्रभावशाली होगी। आपमें किसी विषय वस्तु को सीखने की अद्‍भुत क्षमता होगी। आप किसी भी परिस्थिति को अपने प्रयासों द्वारा संभाल सकने में सक्षम हैं। आप पूर्ण ईमानदारी और लगन के साथ अपने परिवार का ख्याल रखते हैं। परिवार : वृषभ राशि के जातकों को इस वर्ष कोई खुशखबरी मिल सकती है। परिवार में विवाह या संतान योग बन रहा है। वृषभ राशि के जातकों को इस साल के आरंभ में अपने परिजनों के हित के लिए काफी प्रयत्न करने होंगे। वर्ष के दूसरे भाग में यात्राओं के कारण आपको अपने परिवार से दूर रहना पड़ सकता है। घर परिवार को लेकर इस वर्ष आर्थिक व्यय होगा, लेकिन सामाजिक प्रतिष्ठा मिलेगी। यह वर्ष पारिवारिक मामलों के लिए अच्छा रहेगा। स्वास्थ्य : छठे भाव में स्थित शनि और राहु स्वास्थ्य को कुछ कमजोर कर सकते हैं। राहु की स्थिति जुलाई के बाद बदलने वाली है जो स्वास्थ्य को बेहतर करेगा। पुरानी बीमारी परेशान कर सकती है। खान-पान पर संयम रखना बहुत जरूरी होगा। साथ ही गैरजरूरी यात्राओं से बचाव भी जरूरी होगा। प्रेम-दांपत्य : प्रेम प्रसंगों के लिए यह वर्ष मिलाजुला रह सकता है। वर्ष के आरंभ में सब कुछ बढ़िया रहेगा। दांपत्य जीवन में प्रगाढ़ता या सगाई के लिए वर्ष अनुकूल रहेगा। विवाहित लोगों को संतान सुख नसीब होगा। लेकिन वर्ष के दूसरे भाग में कुछ कठिनाइयां आ सकती हैं। विवाहित जातकों को दांपत्य जीवन में कटुता का अनुभव होगा। अविवाहित जातक खुद पर थोड़ा संयम रखें नहीं तो विवाद उत्पन्न हो सकता है। कार्यक्षेत्र -रोजगार : दशमेश शनि छठे भाव में उच्चावस्था में है। जो नौकरीपेशा लोगों के लिए एक सकारात्मक संदेश दे रहा है। यानी नौकरीपेशा जातकों के लिए पदोन्नति के योग प्रबल हैं। बेहतर नौकरी का अवसर भी प्राप्त हो सकता है। व्यवसायियों के व्यवसाय में भी सुधार होने के योग हैं लेकिन उन्हें लगातार मेहनत करते रहना होगा। हालांकि आप दैनिक कार्यों में स्फूर्तिवान बने रहेंगे और कार्यक्षेत्र में अच्छा करते रहेंगे। धन- संपत्ति : इस वर्ष आमदनी में बढ़ोतरी संभव है। आर्थिक समस्याएं कम होंगी। अप्रत्याशित लाभ मिल सकता है। वर्ष के पहले भाग में किसी धार्मिक कार्य में भाग लेना श्रेयस्कर होगा। वर्ष के दूसरे भाग में किसी बड़े निवेश या उद्योग या जमीन-जायदाद के धन लगाने से पहले भली-भांति मंथन कर लें। विद्या : सामान्य तौर पर यह वर्ष विद्यार्थियों के लिए अच्छा रहेगा। वर्ष के पहले भाग अनुकूल परिणाम मिलेंगे। इस समय बैंकिग या प्रबंधन जैसे क्षेत्रों की पढ़ाई के लिए समय शुभ रहेगा। लेकिन वर्ष के दूसरे भाग में किसी भी प्रकार की लापरवाही करना उचित नहीं रहेगा। प्रतियोगी परीक्षा या प्रतिस्पर्धा के लिए वर्ष अनुकूल रहेगा।


 

मिथुन राशिफल

मिथुन राशि के जातकों की बौद्धिक क्षमता से वो कठिन परिस्थितियों से निबटने की योग्यता रखते हैं। यह व्यावहारिक, परिश्रमी और जुझारू होते हैं। हमेशा आत्मनिर्भर रहना पसंद करते हैं। अच्छे सलाहकार और योजनाकार होते हैं लेकिन खुद पर अति आत्मविश्वास कभी-कभी संकट में भी डाल सकता है। परिवार : पारिवारिक मामलों के लिए यह वर्ष काफी अनुकूल है। पारिवारिक मामलों से प्रसन्नता मिलेगी। कोई मांगलिक कार्य या उत्सव सम्पन्न होने की सम्भावना है। घर परिवार का माहौल भी संतोषप्रद रहेगा। लेकिन जुलाई महीने के बाद घर-परिवार में कोई बड़ा पारिवारिक निर्णय लेना हो तो उसमें बड़े बुजुर्गों और अनुभवी लोगों से सलाह लेना ठीक रहेगा। स्वास्थ्य : स्वास्थ्य के लिहाज से यह वर्ष मिलाजुला रह सकता है। हालांकि कोई किसी गंभीर बीमारी होने के योग नही हैं, अत: आपको चिंतित होने की आवश्यकता नहीं, लेकिन मौसमजनित बीमारियों से कभी कभार स्वास्थ्य नरम-गरम रह सकता है। खान-पान पर संयम रखें अन्यथा उदर विकार होने की सम्भावना है। जुलाई के बाद स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। स्वस्थ चिंतन से स्वास्थ्य भी अनुकूल रहेगा। प्रेम- दांपत्य : मिथुन राशि के जातकों के लिए प्रेम प्रसंगों के लिए वर्ष अनुकूल रहेगा। विवाह योग्य जातकों के विवाह योग बन रहे हैं। विवाहित लोगों को संतान सुख प्राप्त होगा। कार्यक्षेत्र-रोजगार : कार्यक्षेत्र के लिए यह वर्ष अच्छा रहेगा रहेगा। अच्छे कर्मों के कारण सफल रहेंगे। राजपक्ष से जुडे़ किसी व्यक्ति की सहायता से भी काम बनेंगे। नौकरी या व्यवसाय में अच्छा सुधार होगा। कुछ व्यवसायिक यात्राएं होंगी। व्यवसायिक विरोधियों पर विजय पाने में सफल रहेंगे। अनुभवी लोगों की सलाह को भी नजरअंदाज करना महंगा पड़ सकता है। धन- संपत्ति : आर्थिक मामले के लिए यह वर्ष बहुत अच्छा रहेगा। अचानक धन प्राप्ति भी हो सकती है। राजपक्ष के सहयोग से भी आर्थिक पक्ष मजबूत होगा। धन संचय करने में सफलता मिलेगी। व्यापार में बडा़ सौदा प्राप्त होगा। अचल सम्पत्ति मिलने के भी योग हैं। विद्या : अध्ययन में आपकी गहरी रुचि रहेगी। यदि आप बैंकिग, मैनेजमेंट या व्यवस्थापन से जुडे पाठ्यक्रम से जुड़ना चाह रहे हैं या उस क्षेत्र से जुडे़ हैं तो भी उत्तम फलों की प्राप्ति होगी या किसी प्रतियोगी परीक्षा या प्रतिस्पर्धा में भाग लेना चाह रहे हैं तो उसके लिहाज से भी समय अनुकूल है। इन सबके बावजूद कुसंगति से बचना होगा अन्यथा पढा़ई प्रभावित हो सकती है

 कर्क राशिफल

कर्क राशि का स्वामी चन्द्रमा है इसलिए इस राशि के जातक बेहद संवेदनशील और जिज्ञासु होते हैं। परिवार और बच्चों के साथ बहुत लगाव होता है। सफेद वस्तुओं और जल तत्व से जुडे व्यापार या नौकरी में लाभ होता है। परिवार : पारिवारिक मामलों के लिए यह वर्ष अधिक अनुकूल नहीं है। वर्ष के प्रथम भाग में कुछ विषम परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। प्रतिरोधात्मक शक्ति विकसित करें और आत्मनिर्भर बनें। वर्ष के दूसरे भाग में सभी परेशानियां कम होने लगेंगी। स्वास्थ्य : स्वास्थ्य के लिहाज से यह वर्ष अधिक अनुकूल नहीं है। आर्थिक स्थिति को लेकर या किसी परेशानी के कारण दिमागी तनाव हो सकता है। खान-पान पर संयम रखें अन्यथा उदर विकार होने की सम्भावना है। बेवजह यात्राएं करना भी ठीक नहीं होगा। जोखिम उठाने वाली प्रवृतियों पर भी अंकुश लगाने की आवश्यकता है। प्रेम- दांपत्य : वर्ष के प्रथम भाग में प्रेम संबंधों में दरार आ सकती है। प्रियजन का स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। लेकिन वर्ष का दूसरा भाग प्रेम प्रसंगों के लिए अनुकूलता लिए रहेगा। प्रेम के अलावा सगाई के भी योग निर्मित हो रहे हैं। जीवन साथी के साथ भ्रमण का अवसर मिलेगा। दूर देश स्थित किसी व्यक्ति से भी लगाव हो सकता है। नए जुड़ रहें प्रेम सम्बन्ध आपकी स्थिति परिस्थिति से ऊंचे दर्जे के हो सकते हैं। कार्यक्षेत्र-रोजगार : वर्ष के पहले भाग में कार्यों में अड़चने आ सकती हैं। शनि और राहु का गोचर अनुकूल न होने से कुछ काम बिगड़ भी सकते हैं। किसी भी व्यवसायिक यात्रा को करने से पहले भली-भांति जांच कर लें कि वह यात्रा लाभकारी है या नहीं। वर्ष के दूसरे भाग में स्थितियां बेहतर होने होने लगेंगी। नौकरीपेशा हैं तो इस वर्ष पदोन्नति मिल सकती है। सामाजिक क्षेत्र में भी प्रतिष्ठा और सम्मान प्राप्त करेंगे। धन- संपत्ति : आर्थिक मामलों के लिए वर्ष का पहला भाग अधिक अनुकूल नहीं है। परिजन का स्वास्थ्य बिगड़ जाने के कारण व्यय हो सकता है। लेकिन वर्ष के दूसरे भाग में आर्थिक स्थिति बेहतर होना शुरू हो होगी। यदि आपके पास कोई पुराना कर्ज है तो इस वर्ष उससे छुटकारा पाएंगे। व्यापार में अच्छा लाभ कमा सकते हैं। विद्या : विद्यार्थियों के लिए भी यह वर्ष मिलाजुला रहेगा। जो जातक विदेश या दूर जाकर पढा़ई करना चाह रहे हैं, वर्ष का प्रथम भाग उनके लिए अधिक अनुकूल रहेगा। विद्यार्थियों को उनकी मेहनत के अनुरूप परिणाम नहीं मिल पाएंगे। लेकिन वर्ष के दूसरे भाग में शिक्षा के स्तर में सुधार होना शुरू होगा। आत्मविश्वास मजबूत होगा। दर्शनशास्त्र या अन्य परम्परागत विषयों के विद्यार्थियों शुभ परिणाम मिलेंगे।

 सिंह राशिफल

सिंह राशि के जातक प्रभावशाली व्यक्तित्व के स्वामी होते हैं। स्वभाव से उत्साही, निड़र, साहसी और महत्वाकांक्षी होते हैं। सिद्धांतों व अनुशासित ढंग से कार्य करना इनकी प्रवृत्ति होती है। स्वभाव से दृढ़ निश्चयी होने से दूसरों की नहीं सुनते हैं। इनमें नेतृत्व की अद्‍भुत क्षमता होती है। परिवार : पारिवारिक दृष्टिकोण से वर्ष का प्रथम भाग शुभ रहेगा। मांगलिक कार्य के सम्पन्न होने के योग बन रहे हैं। भाई और बहनों के जीवन में खुशहाली आएगी। लेकिन वर्ष के दूसरे भाग में कलह से पारिवारिक सुख में कमी आएगी। पारिवारिक सदस्यों के बीच मतभेद भी हो सकता है या संतान को लेकर कुछ चिंताएं रह सकती हैं। स्वास्थ्य : स्वास्थ्य के लिहाज से सामान्य तौर पर यह वर्ष अनुकूल रहेगा। छोटी-मोटी बीमारियों को छोड़ दिया जाए तो लगभग पूरा वर्ष ही शुभ रहेगा। वर्ष के दूसरे भाग में आपको अपनी दिनचर्या में संयम बरतना श्रेष्ठ होगा। प्रेम- दांपत्य : प्रेम प्रसंगों के लिए यह वर्ष अनुकूलता लिए रहेगा। विवाह योग्य जातकों को सुखद समाचार मिलेंगे। लेकिन वर्ष के दूसरे भाग में प्रेम अथवा दांपत्य में विश्वसनीयता न होने की स्थिति में संबंधों में प्रगाढ़ता कम हो सकती है। कार्यक्षेत्र-रोजगार : वर्ष अनुकूल रहेगा। वर्ष के पहले भाग में नए उद्यमों या व्यवसायों से जुड़ने का मौका मिल सकता है। नौकरी के हालात में सुधार होंगे। नए परिवर्तन अथवा नए काम की शुरुआत होगी। विदेशों में रहने वाले लोगों से आपके व्यवसायिक संबंध मजबूत होंगे। लेकिन वर्ष के दूसरे भाग में विवाद हो सकता है। वाणी पर संयम रखें। धन-संपत्ति : इस वर्ष की शुरुआत आपकी आमदनी के स्तोत्रों में इजाफा कराने वाली रहेगी। इस अवधि में आमदनी में निरंतरता बनी रहेगी। अत: आय में निरंतरता के कारण आप बचत करने में भी सफल रहेंगे। यदि आपके पास कोई पुराना कर्ज है तो आप इस वर्ष उससे छुटकारा पा सकते हैं। लेकिन वर्ष के दूसरे भाग में कुछ नए कामों की शुरुआत करने के कारण आप अपने संचय किए हुए धन को खर्च करना चाहेंगे। किसी यात्रा के द्वारा भी धन खर्च हो सकता है। कम्प्यूटर या मोबाइल में आई खराबी भी कुछ धन खर्च करा सकती है। हालांकि विदेश के माध्यम से या किसी दूर की यात्रा के माध्यम से भी धनार्जन होने के योग बन रहे हैं। विद्या : अध्ययन के लिए यह वर्ष सामान्यत: अनुकूल रहेगा। विदेश जाने वाले छात्रों के लिए वर्ष अनुकूल रहेगा। आत्मविश्वास बना रहेगा। प्रतियोगी परीक्षा के लिए समय अनुकूल है। लेकिन वर्ष के दूसरे भाग में अधिक मेहनत की आवश्यकता होगी।

कन्या राशिफल

कन्या राशि के जातक बुद्धिमान, विवेकी, आर्थिक, कूटनीतिक और चतुर होते हैं। इनकी रुचि कला और साहित्य में हो सकती है। आकर्षक व्यक्तित्व से जल्दी प्रभावित करते हैं, लेकिन स्वभाव से अन्तर्मुखी होते हैं। परिवार : कन्या राशि के जातकों के लिए पारिवारिक दृष्टिकोण से यह वर्ष उत्तम रहेगा। परिवार में सुख और शान्ति का वातावरण बनेगा। कोई मांगलिक कार्य संपन्न हो सकता है। लेकिन दूसरे भाव में शनि की उपस्थिति किसी पारिवारिक क्लेश को उत्पन्न कर सकती है। न्यायालय में चल रहे पुराने विवाद का समापन जातक के पक्ष में होने के योग बन रहे हैं। स्वास्थ्य : कन्या राशि के जातक का स्वास्थ्य इस वर्ष अनुकूल रहेगा। पुराने रोगों का निदान होगा। माता पिता के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। ध्यान तथा योग के सहारे से मन को एकाग्र करें। प्रेम-दांपत्य : प्रेम के लिए यह वर्ष बहुत ही अनुकूल रहेगा। विवाह योग्य जातकों के वर्ष के दूसरे भाग में सगाई अथवा विवाह होने के अच्छे योग हैं। संतान के संबंध में शुभ समाचार सुनने को मिलेगा। कार्यक्षेत्र-रोजगार : इस साल आप व्यापार नौकरी या धंधे में कुछ विशेष करेंगे। अपनी दृढ़ इच्छा शक्ति के कारण विपरीत परिस्थिति में भी आपको मति भ्रम नहीं होगा और सही काम करेंगे। किसी अनुभवी व्यक्ति के मिलने से आपके काम धंधे को एक नया अनुभव मिलेगा। व्यापार और नौकरी के सिलसिले में भ्रमण भी होगा। आपके कार्यक्षेत्र और व्यापार का विस्तार होगा और पद बढे़गा। नौकरी में भी तरक्की मिलने के मजबूत योगायोग हैं। इस वर्ष आप सफलता के साथ-साथ सम्मान भी प्राप्त करेंगे। धन-संपत्ति : धन के लिए यह वर्ष श्रेष्ठ है। अटका पैसा मिलेगा। वर्ष की शुरुआत में कर्म स्थान पर स्थित बृहस्पति धनार्जन करवाएगा वहीं वर्ष के दूसरे भाग में धन अर्जन का नया स्रोत मिल सकता है। विदेश यात्रा के माध्यम से भी धनार्जन होने के योग बन रहे हैं। विद्या : अध्ययन के लिए यह वर्ष अनुकूल रहेगा। व्यवसायिक शिक्षा में सफलता मिलेगी। लक्ष्य पाने के लिए बहुत मेहनत करनी पड़ेगी। प्रतियोगी परीक्षा के लिए समय अनुकूल है। विदेशों में शिक्षा पाने के लिए समय अनुकूल है।